36 घंटे बत्ती गुल, हाइवे जाम कर जताई नाराजगी
- अगले दिन दोपहर बाद मिली राहत
अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। बिजली आपूर्ति का 36 घंटे तक इंतजार करने के बाद परेशान लोगों ने हाईवे जाम कर बिजली निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे पुलिस और बिजली निगम के अधिकारियों ने लोगों को समझाया। शुक्रवार दोपहर बाद ही यहां पावर सप्लाई सुचारू हो सकी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा करने वाला स्मार्ट सिटी का बिजली निगम कई बार शिकायत के बाद भी 36 घंटे में बिजली बहाल नहीं कर सका। एक साथ कई इलाकों की बिजली आपूर्ति करीब 36 घंटे ठप रहने से लोगों में दिन भर रोष रहा। रोड जाम के बाद मौके पर पुलिस और निगम के अधिकारियों ने स्थिति को काबू करने का प्रयास किया। शुक्रवार दोपहर बाद मल्टीपल फॉल्ट दुरुस्त कर लोगों को राहत दी।
36 घंटे के महाकट पर बल्लभगढ़ सबडिविजन के कार्यकारी अभियंता नरेश कक्कड़ ने मल्टीपल फॉल्ट होने की समस्या बताई। कार्यकारी अभियंता का कहना है कि बृहस्पतिवार शाम को बिजली आपूर्ति न होने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने फॉल्ट ढूंढने की कवायद शुरू की थी। पहले फीडर का बक्सा फट जाने की समस्या ठीक कर ट्रांसफार्मर का ट्रायल लिया गया। इसके बाद भी बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। मालूम हुआ कि अंडर ग्राउंड वायर पंचर हो गया। इसके बाद फिर से मरम्मत कार्य शुरू किया गया। अंडर ग्राउंड वायर को ठीक करने में काफी वक्त लग गया जिससे समस्या हुई। फॉल्ट ठीक करने का प्रयास शिकायत के बाद से ही जारी रहा। हालांकि इसमें कुछ वक्त लग गया लेकिन 24 घंटे से पहले ही समस्या से निपट लिया गया।