सरकारी स्कूलों में प्रवेश उत्सव कल से
फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों में भारी संख्या में दाखिले कराने के लिए सोमवार से सभी राजकीय स्कूल प्रवेश उत्सव मनाएंगे। इसमें कक्षा पहली, छठी और 9वीं कक्षा में दाखिले पर फोकस रहेगा। स्कूल मुखिया सहित अन्य अध्यापकों को विशेष प्रशिक्षण देकर राजकीय स्कूलों में दाखिले बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया है। स्कूलों में 25 मार्च से प्रवेश उत्सव शुरू हो जाएगा।
राजकीय स्कूलों में बंपर दाखिले हों, इसकी जिम्मेदारी राजकीय स्कूल छात्रों को भी दी गई है। विद्यार्थियों को राजकीय स्कूलों की उपलब्धियां बताने के लिए रैलियों का सहारा लिया जाएगा। स्कूल में क्या विशेष परियोजनाएं रहीं। इससे विद्यार्थियों को क्या हासिल हुआ, रैली के माध्यम से बताएंगे। विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम भी स्कूलों में चस्पा किया जाएगा।
दो वर्षों में सुधरी है दाखिले की दर
राजकीय स्कूलों में दाखिले का ग्राफ बीते कई वर्षों में बदला है। कक्षा पहली में दाखिले की गिरती दर बीते दो वर्षों में सुधरी है। इस प्रयास के अच्छे ग्राफ बनाए रखने के लिए इस वर्ष भी कक्षा पहली में दाखिले पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा बीते कई वर्षों का दाखिला पैटर्न मूल्यांकन कर स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि राजकीय स्कूलों में कक्षा 6 में ड्रॉप आउट (स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थी) आंकड़ा काफी अधिक है। इसी तरह 9वीं कक्षा में भी कम दाखिला दर की समस्या है। ऐसे में इन कक्षाओं में ज्यादा से ज्यादा दाखिले किए जाने पर जोर होगा।
कोट
सरकारी स्कूलों में दाखिले बढ़ाने के लिए बीते कई वर्षों के मूल्यांकन को ध्यान में रखा जाएगा। इससे दाखिले बढ़ाने की मुहिम जरूरी दिशा में चलाई जा सकेगी। बीते दिनों चार जिलों की बैठक में भी कई महत्वपूर्ण तथ्यों और रणनीतियों को साझा किया गया था। इस बार की दाखिला प्रक्रिया में इन्हीं पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। - शशी अहलावत, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी