ईकोग्रीन कर्मियों की हड़ताल खत्म, आज से उठाएंगे कूड़ा
- पांच माह से वेतन नहीं मिलने पर चालकों ने वाहनों के चक्के कर दिए थे जाम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ईकोग्रीन के हड़ताली कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन से बृहस्पतिवार तक वेतन जारी किए जाने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी लेकिन सोमवार को भी घरों से कूड़ा एकत्रित नहीं किया गया। खत्तों से भी कूड़ा नहीं उठाया गया। कर्मचारियों ने मंगलवार से काम शुरू करने का ऐलान किया है।
शहर की सफाई व्यवस्था और घर-घर से कूड़ा बटोरने की जिम्मेदारी कंपनी ईकोग्रीन संभाल रही है। कंपनी के कर्मचारी तीन सौ छोटे बड़े वाहनों से कूड़ा घरों और खत्तों से उठा कर बंधवाड़ी प्लांट पहुंचाते हैं। वाहन चालक संघ के प्रधान रमेश ने बताया कि चालकों को पिछले पांच माह से वेतन नहीं मिला है। कंपनी से वेतन की मांग के लिए कई बार प्रदर्शन और आला अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर शुक्रवार को हड़ताल कर दी गई। वाहनों के पहिए थमने से न तो घरों से कूड़ा इकट्ठा किया गया और न ही खत्तों और डंपिंग यार्ड से उठाया गया। तीन दिन में शहर से कूड़ा न उठने से हर जगह गंदगी के ढेर लग गए। रमेश ने बताया कि सोमवार को कंपनी प्रबंधन ने वार्ता के लिए बुलाया। बृहस्पतिवार तक सभी कर्मचारियों का वेतन देने का आश्वासन दिया जिस पर हड़ताल समाप्त कर दी गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को शहर में कूड़ा उठाने का काम शुरू किया जाएगा। ईकोग्रीन कंपनी के अमित मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों की समस्या का समाधान हो गया इसलिए हड़ताल खत्म हो गई है।
तीन दिन तक कूड़ा नहीं उठने से शहर में जगह जगह खत्तों और डंपिग यार्ड में गंदगी का ढेर नजर आया। एनआईटी, बाटा चौक, बाईपास रोड, कॉलोनियां आदि रिहायशी और सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा नजर आया।