फरीदाबाद। सार्वजनिक स्थानों पर गाली-गलौज, मारपीट और हंगामा कर आम लोगों की शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की है। इनमें आपस में झगड़ने वाले युवक, शराब पीकर हंगामा करने वाले दो युवक और सरेआम गाली-गलौज करने वाले दो युवक शामिल हैं।
मेवला महाराजपुर चौक पर पुलिस ने रामदुलार यादव और फन्टुश शर्मा को आपस में झगड़ने के आरोप में पकड़ा। दोनों मूलरूप से बिहार के जमुई जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल मेवला महाराजपुर में किराये पर रहते हैं। वहीं डीएलएफ चौक पर झगड़ रहे केतन निवासी गढ़ी मोहल्ला और मनीष कुमार मिश्रा निवासी दरभंगा, बिहार को काबू किया गया। सेक्टर-28 कम्युनिटी सेंटर के पास शराब पीकर झगड़ने के आरोप में अक्षय निवासी पलवल और रवि निवासी सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश को पकड़ा गया। बड़खल फ्लाईओवर के पास चार युवक गाली-गलौज और हाथापाई करते मिले। पुलिस ने विशाल, सलेष, आशुतोष और शिवम को काबू किया। इसी तरह एमसीएफ चौक पर मनोज और दीपक चौधरी को आपस में मारपीट करते पकड़ा गया। वहीं अजरौंदा सब्जी मंडी में सरेआम गाली-गलौज और गंदे इशारे करने के आरोप में वीरेंद्र चौधरी को तथा सेक्टर-12 एसआरएस मॉल के पास गाली-गलौज करने के आरोप में मोहित तनेजा को पुलिस ने काबू किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद