फरीदाबाद। जिले में 117 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल में बदला जाएगा। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारियों को चार दिवसीय प्रशिक्षण स्थानीय बाल भवन में दिया जा चुका है। 23 अगस्त से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उपायुक्त जितेंद्र यादव ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में तीन चरणों में 117 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल में बदलाव किया जाएगा। प्रथम चरण में 40, दूसरे चरण में 35 और तीसरे में 42 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल के रूप में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ व सुपरवाइजर को चार दिवसीय प्रशिक्षण नौ से 12 अगस्त तक दिया गया था। 40 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्रथम चरण में प्ले स्कूल में बदलने का प्रशिक्षण दिया गया था।
प्रदेश में 4000 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूलों में बदला जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पहले ही यह घोषणा की जा चुकी है और अब इसका क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया जा रहा है। जिला महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अनीता शर्मा ने बताया कि जिले में 117 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल में किया जाएगा। 23 अगस्त से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों को प्ले स्कूल चलाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्ले स्कूल को बढ़ावा देने के लिए यह प्रशिक्षण बेहतर रूप से मार्गदर्शन देगा।