- गांव मच्छगर में मंदिर इंदिरा आवास वाली गली में भर जाता है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव मच्छगर में 1976 में इंदिरा आवास कॉलोनी को बनाया गया था। उस कॉलोनी में करीब 50 से अधिक मकान बने हुए हैं। उस कॉलोनी की मुख्य गली नीची होने की वजह से बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। बुधवार की रात को कॉलोनी में रहने वाला एक व्यक्ति उस पानी के रास्ते से गुजर रहा था और वह गिर गया। उसके सिर और हाथ में चोट आई है। इस समस्या को लेकर कई बार गांव के लोगों ने पार्षद को अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
इंदिरा आवास कॉलोनी में रहने वाले राम प्रकाश ने बताया कि यह सड़क करीब 110 फीट लंबी है और 11 फीट चौड़ी है। इस सड़क के किनारे बने मकान के चलते यह सड़क अब नीचे हो गई है। कुछ समय पहले गांव की मुख्य सड़क मंदिर वाली गली को बना दिया गया था। उस सड़क के ऊंची होने की वजह से इस सड़क पर बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। इस सड़क से होकर अपने घरों में जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से हो रही बरसात के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। बुधवार की शाम को कॉलोनी में रहने वाला व्यक्ति मोहरपाल पानी से गुजरते वक्त गिर गया। जिसके सिर और हाथ में चोट आई है।
उन्होंने बताया कि पहले गांव पंचायत के अंदर आता था, लेकिन अब यह गांव नगर निगम के अंदर आ गया है। इस समस्या को लेकर उन्होंने पार्षद को कई बार अवगत कराया है, लेकिन उसके बावजूद भी इस सड़क का निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है। जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।