फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

103 वर्षीय लक्ष्मण दास ने लगवाया टीका

विज्ञापन
103 वर्षीय लक्ष्मणदास ने लगवाई कोरोना वैक्सीन । - फोटो : Faridabad
विज्ञापन
फरीदाबाद। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाने के लिए बुजुर्गों में काफी उत्साह दिखा। एशियन अस्पताल में बृहस्पतिवार को एनआईटी-2 निवासी 103 वर्षीय लक्ष्मण दास ने वैक्सीन लगवाई। लक्ष्मण अपने परिजनों के साथ टीका लगवाने के लिए पहुंचे थे। मौजूदा समय में उनके 78 वर्षीय बेटे सुभाष डायलिसिस पर हैं। वह भी डॉक्टर परामर्श के बाद जल्द टीकाकरण कराएंगे। उनकी 68 वर्षीय बहू संतोष टीका लगवा चुकी हैं। उनके पोते हिमांशु दुआ ने बताया कि दादा मीडिया की खबरों से लगातार कोरोना व टीकाकरण की अपडेट लेते रहते हैं।
विज्ञापन

वैक्सीनेशन कराने वाले अन्य लोगों से प्रेरित होकर बृहस्पतिवार को वह टीकाकरण के लिए पहुंचे थे। इसी तरह बीके सिविल अस्पताल में 75 वर्षीय केहर सिंह और नंगला निवासी 80 वर्षीय नारायण भी अन्य लोगों से प्रेरित होकर टीका लगवाने के लिए पहुंचे थे।
आठ केंद्रों पर 48 घंटे में किसी ने भी नहीं लगवाई वैक्सीन
बीते 48 घंटों में जिले के आठ केंद्रों पर लोग 24 घंटे वैक्सीनेशन सुविधा का लाभ लेने नहीं पहुंचे हैं। मंगलवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से आठ केंद्रों पर 24 घंटे कोरोना प्रतिरक्षी वैक्सीन की सुविधा शुरू की गई। विभाग का उद्देश्य है कि दीर्घकालीन बीमारी से पीड़ित 45 से अधिक उम्र के लोग नौकरी-पेशे के बाद भी संक्रमण से बचाव के लिए आगे आ सकते हैं। हालांकि विभाग की इस पहल के बाद भी लोगों में उदासीनता बनी हुई है। टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. रमेश का मानना है कि जागरूकता के बाद यह पहल रंग लाएगी। अधिक से अधिक लोग टीकाकरण के लिए पहुंचेंगे। वहीं, निजी सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण का एक सा रुझान देखने को मिल रहा है।
विज्ञापन

दस अप्रैल तक एक लाख लोग करा चुके होंगे टीकाकरण
अब तक जिले के 54 हजार लोग इसका लाभ ले चुके हैं। फेज-1 और फेज-2 दोनों चरण के तहत अब तक कुल 54 हजार लोग वैक्सीनेशन करा चुके हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि औसत हर सप्ताह कम से कम 12 हजार लोग इन दिनों टीकाकरण करा रहे हैं। वहीं, फेज-2 में जिले के करीब चार लाख 20 हजार लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य है। ऐसे में 10 अप्रैल तक जिले में करीब एक लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका होगा। वहीं, यदि लोगों में टीकाकरण के बेहतर रुझान दिखा तो अतिरिक्त सेशन लगाकर इस माह के अंत तक एक लाख लोगों के टीकाकरण को पूरा कर लिया जाएगा।
यहां सप्ताह के सात दिन, 24 घंटे टीकाकरण
कोरोना संक्रमण प्रतिरक्षी (बचाव ) वैक्सीन का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए 24 घंटे टीकाकरण की सुविधा जिले के आठ केंद्रों पर शुरू की गई थी। बीके सिविल अस्पताल, सेक्टर 30 स्थित एफआरयू-1 व सेक्टर 3 स्थित एफआरयू-2 सरकारी केंद्र हैं, जहां निशुल्क टीकाकरण की सुविधा है। वहीं, ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अर्श अस्पताल (सेक्टर 78), डॉक्टर टूडे (एनआईटी-5), पवन अस्पताल (सेक्टर 56), संतोष अस्पताल (एनआईटी-3), संस्कार मेडिकल सेंटर (सेक्टर-28) पर यह सुविधा दी जा रही है। निजी केंद्रों पर टीकाकरण के लिए 250 रुपये वसूले जा रहे हैं।
टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करने की जरूरत है। जितने ज्यादा लोग टीकाकरण के लिए पहुंचेंगे उतनी जल्दी कोरोना का खतरा कम होगा। ऑनलाइन पंजीकरण की समस्या भी दूर कर दी गई है।
- डॉ रमेश, टीकाकरण नोडल
टीकाकरण और कोविड नियमों का पालन कोरोना से बचाव के उपाय हैं। पंजाब और महाराष्ट्र एक बार फिर कोरोना की मार झेल रहे हैं। यहां ऐसी स्थिति न हो, इसके लिए लोगों में जागरूकता बेहद जरूरी है।
विज्ञापन

- डॉ. रणदीप पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें