पौधे लगाने से प्रदूषण स्तर का होगा काम
- आस्था वन प्रोजेक्ट’ के तहत औषधीय गुणों वाले 200 पौधे रोपे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रोटरी क्लब आस्था, जीवा आयुर्वेद एवं जीवा इंट्रैक्ट क्लब की ओर से शनिवार को सेक्टर-11 के पास ‘आस्था वन प्रोजेक्ट’ की शुरुआत की गई। इस मौके पर रोटरी क्लब के सदस्यों, जीवा के छात्रों व अध्यापकों ने पौधरोपण किया। लोगों ने औषधीय गुणों से भरपूर 200 पौधे लगाए गए।
जीवा संस्थान के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान तथा उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान ने इस कार्यक्रम में विशेष योगदान दिया। उन्होंने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के समाज कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर होना चाहिए। इस प्रकार के कार्यक्रमों से समाज में पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल तथा वृक्षों के लाभ के प्रति चेतना जागृत होती है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण का स्तर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है और वातावरण खतरनाक रूप से परिवर्तित हो रहा है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए काफी खतरनाक है। प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए हम सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए ताकि वे वृक्ष बन सकें। समाज में सभी लोग भी वृक्षों की आवश्यकता एवं अनिवार्यता को समझना चाहिए तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रोटरी क्लब के डीजी विनय भाटिया, युवा भाजपा नेता अमन गोयल, रोटरी क्लब आस्था के अध्यक्ष राहुल जैन, प्रोजेक्ट मैनेजर मधु सूदन, सचिव देव बजाज, कोषाध्यक्ष अविकल आर्य, उद्यमी जेपी मल्होत्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।