5 तमंचे, 2 कारतूस, नशीले कैप्सूल, गांजा, स्मैक और चोरी की बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। अपराधियों, नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध शाखाओं ने कार्रवाई करते हुए एक दिन में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच देशी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, 2.20 ग्राम स्मैक, 636 ग्राम गांजा, 456 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस उपायुक्त अपराध राजेश कुमार मोहन के नेतृत्व में जिले की सभी अपराध शाखाएं अवैध हथियार रखने वालों, नशा तस्करों और वाहन चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के तहत बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर पुलिस टीमों ने यह सफलता हासिल की। अपराध शाखाओं की कार्रवाई में अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपियों से पांच देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि हथियार सप्लाई करने वालों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 2.20 ग्राम स्मैक, 636 ग्राम गांजा और 456 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार ट्रामाडोल कैप्सूल का इस्तेमाल नशे के रूप में किया जा रहा था, जबकि इसका दुरुपयोग प्रतिबंधित है। इसके अलावा अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने थाना आदर्श नगर में दर्ज वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक बरामद की। इस मामले में भारत कॉलोनी निवासी विशाल को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।