दिल्ली से सटे सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के अशोक एंक्लेव में रहने वाली एक युवती के साथ कार सवार आरोपियों ने कुत्ते को खाना खिलाने के विवाद में छेड़छाड़ करनी शुरु कर दी। विरोध जताने पर आरोपियों ने युवती के साथ मारपीट व गाली गलौज भी की। युवती ने मामले की शिकायत फरीदाबाद पुलिस से की है।
पीड़िता की शिकायत सेक्टर-16 महिला थाने में दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। पीड़िता ने बताया कि वह रोज अपने घर के पास कुत्ते को खाना खिलाती है। वह बुधवार शाम को भी कुत्ते को खाना खिलाने के बाद उसे कपड़े पहना रही थी। इसी दौरान एक कार सवार तीन युवक वहां पहुंच गए।
तेज गति से कार लेकर आ रहे युवकों पर चिल्ला कर पीड़िता सड़क से हट गई। इससे नाराज आरोपियों ने युवती से गाली गलौज व छेड़छाड़ शुरु कर दी। आरोप है कि विरोध जताने पर उसके साथ आरोपियों ने मारपीट भी की है। महिला की शिकायत दर्ज कर महिला थाना पुलिस जांच में जुट गई है।