नए साल के आगाज के साथ ही फरीदाबाद के विकास के रास्ते खुल गए हैं। न्यू इंडस्ट्रियल टाउन (एनआईटी) की जाम से जूझ रही संकरी सड़कों की सूरत बदलने का काम जल्द शुरू होने जा रहा है।
रिंगनुमा पैरिफेरल रोड परियोजना का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने इसके लिए 102 करोड़ रुपये जारी कर दिये है। छह लेन की 13 किलोमीटर लंबी सड़क के किनारे फुटपाथ,सर्विस लेन और नाले का निर्माण किया जाएगा।
एनआईटी के नाम से पहचान कायम कर चुके शहर के सबसे पुराने हिस्से में जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बनाई गई पैरिफेरल रोड परियोजना लंबे समय से अटकी हुई थी। पिछले वर्ष बड़ख़ल विधानसभा क्षेत्र में हुई रैली के दौरान सीएम ने इस परियोजना को हरीझंडी दिखाई थी।
नगर निगम की तरफ से इसकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर सरकार को भेजी गई थी, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब सबसे बड़ी अड़चन को भी सरकार ने दूर कर दिया है। पैरिफेरल प्रोजेक्ट से एनआईटी में जाम की समस्या खत्म हो जाएगी।
चार हिस्सों में रिंग के आकार की इस सड़क का निर्माण किया जाएगा। पहले हिस्से में बुद्धविहार से आईटीआई चौक, दूसरे हिस्से में आईटीआई चौक से नीलम चौक,तीसरे हिस्से में नीलम चौक से हार्डवेयर चौक और चौथे हिस्से में हार्डवेयर से बीके चौक होकर बुद्ध विहार तक पैरिफेरल रोड बनाई जाएगी।
छह लेन की इस सडक़ के किनारों पर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाया जाएगा। इसके अलावा बाजारों के लिए सर्विस लेन बनाई जाएगी। नाले का निर्माण भी सड़क के किनारे किया जाएगा,जिसे ढक कर फुटपाथ का रूप दिया जाएगा। पैरिफेरल रोड को रोशन करने के लिए डिवाइडर पर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
195 करोड़ रुपये की योजनाओं के लिए सरकार से जारी हुआ फंड
102 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी रिंगनुमा पैरिफेरल रोड
35 करोड़ रुपये से दयालबाग में सुधरेगा सीवरेज सिस्टम
41 करोड़ रुपया अन्य विकास कार्यों के लिए दिया गया
जाम से मिलेगी मुक्ति
पैरिफेरल रोड प्रोजेक्ट शहर के पुराने हिस्से की बहुत बड़ी जरूरत है। विधायक बनने के बाद से ही मैंने इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता से लिया है। पैरिफेरल रोड बनने से शहर का बड़ा हिस्सा जाम मुक्त हो जाएगा। -सीमा त्रिखा, विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव
जल्द होगा काम शुरू
सरकार से विकास योजनाओं पर काम शुरू करने के लिए धनराशि आ चुकी है। पैरिफेरल रोड सहित कई दूसरी योजनाओं पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। बहुत जल्द ही इन योजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया पर काम शुरू होने जा रहा है।-ओपी गोयल, मुख्य अभियंता-नगर निगम