भाजपा के राज में पार्टी पदाधिकारियों और पार्षदों की बात तो दूर विधायकों तक की बात नहीं सुनी जा रही है। मुख्यमंत्री के तमाम हिदायतों के बाद भी अधिकारी मनमानी करने पर उतारू हैं।
इसका जीता जागता उदाहरण मंगलवार को यहां सेक्टर-12 में हुई ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में देखने को मिला। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के सामने विधायकों और जिला पाषर्दों ने अपना दुखड़ा रोया और काम में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
विधायकों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने अफसरों को समयसीमा में काम करने के लिए अफसरों को आदेश दिए। बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने मंत्री को बताया कि उनके क्षेत्र के सेक्टर-2, 62, 63, 64 में कई काम चल रहे हैं।
सेक्टर-64 और 62 में सड़कें छह महीने पहले ही बनाई गई थी। अब वह उखडने लगी है। जबकि एक सड़क की मियाद कम से कम तीन साल की होती है। यदि इसी तरह साल भर में सड़कें टूटती रहेंगी तो कैसे काम चलेगा।
छह महीने में ही सड़कों पर पेंच वर्क कराना पड़ रहा है। संबंधित विभाग के अधिकारी कभी सड़कों का निर्माण कार्य देखने तक नहीं जाते। पृथला के बसपा विधायक टेकचंद शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में विकास कार्यें के लिए पंचायतीराज संस्थाओं में पैसे सरकार की ओर से आ चुके हैं लेकिन अभी काम शुरू नहीं हुआ।
जिला पार्षदों ने लगाया अनदेखी का आरोप:
manish grover
- फोटो : अमर उजाला
एनआईटी के इनेलो विधायक नगेंद्र भड़ाना ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में सीएम अनाउंसमेंट का पैसा आ चुका है लेकिन अभी तक एक भी काम शुरू नहीं हुआ। इस पर मंत्री ने अफसरों को सख्त आदेश देते हुए समय सीमा में काम करने का आदेश दिया।
ग्रीवेंस कमेटी की बैठक खत्म होने के बाद जिला परिषद के कई पार्षदों ने सहकारिता मंत्री से मुलाकात की और उन्हें अधिकारियों द्वारा अनदेखी करने का आरोप लगाया। जिला पार्षद जगत सिंह, डॉ. जगदीश, पार्षद गुड्डी भाटी के पति कप्तान सिंह भाटी, पुष्पा डागर के पति मोहन डागर और सुरजीत अधाना आदि ने मंत्री को अगवत कराते हुए कहाकि उनके वार्डों में विकास कार्यें के लिए 30-30 लाख रुपये बीडीओ के खाते में आ चुके हैं लेकिन अभी तक कोई काम शुरू नहीं कराया गया।
जेई और एसडीओ पंचायतीरज को फोन करने पर वह फोन तक नहीं उठाते। काम करने की बात तो दूर की है। उनका आरोप है कि निचले स्तर के अधिकारी जिला पार्षदों को कोई तवज्जो नहीं देते। इस पर मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त जितेंद्र दहिया को पार्षदों की बात सुनने और समय पर काम कर वाने का आदेश दिया।
अफसर शिकायत न सुनें तो मंत्री को करें फोन:
-जिला प्रशासन में दी जाने वाली शिकायतें का निदान न होने की शिकायत मिलने पर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने नाराजगी जताई और कहा कि यदि कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी उनकी शिकायतों का निपटारा नहीं करता अथवा काम में लापरवाही बरतता है तो उनके मोबाइल नंबर 8572884567 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने कई शिकायतकर्ता को अपना मोबाइल नंबर नोट करा काम न होने पर सूचना देने को कहा।