यदि संक्रमण बढ़ने पर कॉलेज बंद हो जाएं तो छात्रों को पढ़ाई में दिक्कतों का समाना नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि, अब एक क्लिक करते ही टीवी स्क्रीन पर ई-कंटेंट उपलब्ध होगा। छात्र मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी की मदद से इस कंटेंट को छोटी-बड़ी स्क्रीन पर पढ़ सकेंगे। खास बात यह है कि ई-कंटेंट को छात्र गूगल ड्राइव में सुरक्षित रख सकेंगे।
राजकीय नेहरू कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एमके गुप्ता ने बताया कि कोरोना की दो लहर में विद्यार्थी बेहद परेशान रहे। इस दौरान ऐसे छात्रों का भी प्रदर्शन बिगड़ा जो पढ़ाई में होनहार रहे। ऐसी समस्या का सामना दोबारा न करने पड़े, इसके लिए निदेशालय ने कॉलेज-विश्वविद्यालय (विवि) प्रवक्ताओं की मदद से ई-कंटेंट विकसित किया है। इसे स्टडी एट होम का नाम दिया गया है।
निदेशालय पोर्टल पर इसे सीधे एक्सेस किया जा सकेगा। इसके लिए छात्र को स्टडी एट होम आईकॉन पर क्लिक कर कोर्स और विषय अनुसार कंटेंट का चयन करना होगा। इससे राहत रहेगी कि ऑनलाइन छात्रों को अपने स्तर पर बगैर भ्रमित हुए सही ई-सामग्री पढ़ने के लिए मिलेगी। इसे सुविधाजनक बनाने के लिए निदेशालय ने टीवी स्क्रीन टच का नाम दिया है।
ये कोर्स और पाठ्यसामग्री सीधे गूगल ड्राइव में कर सकेंगे सेव
- डीएचई पोर्टल पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के अनुसार
- बीकॉम व एमकॉम की पाठ्य सामग्री टॉपिक अनुसार
- बीए व एमए (विभिन्न विषयानुसार)
- बीएससी, बीबीए, बीजेमसी और एमएससी
- बीसीए व एमसीए, पंजाबी भाषा कोर्स
- सेल्स मैनेजमेंट व अन्य कोर्स