फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में फाइनल वार्डबंदी कइयों का खेल बिगाड़ सकती है। वार्डों में किए गए परिवर्तन के चलते कई संभावित उम्मीदवार उलझन में हैं। अब वह गुणा भाग करने में जुट गए हैं कि कैसे इस परिवर्तन से उबरा जा सकता है।
वहीं आज होने वाले ड्रॉ में वार्ड नंबर-2, 12, 13, 18 और 28 में से चार सीटें एससी उम्मीदवार के लिए आरक्षित हो सकती हैं, जबकि वार्ड नंबर 9 और 16 ओबीसी के खाते में जा सकते हैं। क्योंकि आरक्षित वार्ड का निर्धारण कुल आबादी में से उस जाति के लोगों की आबादी को ध्यान में रखा जाएगा, जिसके लिए सीटें आरक्षित की जानी हैं।
इन वार्डों में किया गया है परिवर्तन:
-निगम सूत्रों के मुताबिक आपत्तियों की सुनवाई के बाद फाइनल वार्डबंदी में 40 में से छह वार्डों में परिवर्तन किया गया है। इनमें वार्ड नंबर 26, 28, 31, 32, 36 और 37 शामिल हैं। वार्ड 28 में से ऐतमादपुर खेड़ा, धीरजनगर और उसके आसपास की बस्तियों को अब वार्ड 28 से हटाकर 26 में कर दिया गया है। जबकि वार्ड 31 में से मकान नंबर एक से 148 तक सेक्टर-16 का एरिया काटकर वार्ड 32 से जोड़ा गया है। वार्ड 32 से किसान भवन से उत्तर के एरिया को वार्ड 31 में जोड़ दिया गया है। वार्ड 36 में शिव हरिजन कॉलोनी और भीकम कॉलोनी का कुछ हिस्सा वार्ड 36 से काटकर 37 में कर दिया गया है। इन बदलावों ने कई संभावित उम्मीदवारों को उलझन में डाल दिया है।
ये वार्ड एससी के लिए हो सकते हैं रिजर्व:
आबादी और जातिगत आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड नंबर 2, 12, 13, 18 और 28 में से चार एससी महिला व पुरुष के लिए आरक्षित हो सकता है। जबकि वार्ड नंबर 9 और 16 पिछड़ा वर्ग के खाते में जा सकता है। आज निकाले जाने वाले ड्रॉ में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा, क्योंकि उक्त वार्डों में कुल आबादी में से उक्त जातियों की संख्या अधिक है।
आबादी और जातियों की संख्या: (अनुमानित)
वार्ड नंबर कुल आबादी एससी आबादी
02 38000 5500
12 33000 5000
13 37000 15000
18 31000 6000
28 34000 5500
09 34000 (ओबीसी) 11000
16 34000 20000
कौन से वार्ड आरक्षित होंगे यह कह पाना मुश्किल है। इतना जरूर है कि कुल आबादी में जिस वर्ग की संख्या अधिक है, वह आरक्षित हो सकता है। आज उसका ड्रॉ होना है। स्थिति साफ हो जाएगी।- रवि सिंगला, सलाहकार नगर निगम वार्डबंदी