फरीदाबाद को बहुत जल्द एक और पिकनिक स्पॉट की सौगात मिलने जा रही है। सेक्टर 31 में शहर का दूसरा टाउन पार्क बनकर लगभग तैयार हो गया है। स्वतंत्रता दिवस के दिन टाउन पार्क जनता को समर्पित करने की तैयारी की जा रही है।
माना जा रहा है कि फरीदाबाद के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर यहां तिरंगा फहराकर जनता को आजादी की 71वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देने के साथ नए टाउन पार्क का तोहफा भी देंगे। इस पार्क का निर्माण करीब 10 एकड़ जमीन पर किया गया है। आसपास रहने वाले तकरीबन 3.5 लाख लोगों को इसका खास फायदा मिलेगा।
औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों को अगर आसपास कहीं घूमने का प्लान बनाना होता है तो सेक्टर 12 के टाउन पार्क के अलावा कोई विकल्प नहीं होता। वीकेंड पर इस पार्क में भीड़भाड़ अधिक रहती है।
वहीं, दिल्ली बॉर्डर से सटे सेक्टरों व कॉलोनियों के लोगों के लिए सेक्टर 12 का सफर लंबा पड़ जाता है। इसको ध्यान में रख हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सेक्टर 31 में एक और टाउन पार्क बनाने की योजना बनजाई थी।
हालांकि, अक्तूबर 2016 में ही यह पार्क जनता को समर्पित किया जाना था लेकिन तय समय में निर्मण कार्य पूरा नहीं हो सका। अब 15 अगस्त से पहले पार्क को तैयार करने का काम तेजी से किया जा रहा है।
छोटा लेकिन सबसे सुंदर
सेक्टर 31 में बनाया जा रहा टाउन पार्क सेक्टर 12 के पार्क से छोटा तो है लेकिन सुंदरता के मामले में कहीं आगे है। इस पार्क में फुटपाथ दिल्ली के लोधी गार्डन की तर्ज पर तैयार किए गए हैं। पार्क का डिजाइन आकर्षित करने वाला है, इसमें बनाए गए हट्स और म्यूजिकल फाउंटेन पार्क की रौनकता को और बढ़ाएंगे।
हरियाली भी कुछ खास
नए टाउन पार्क को हराभरा बनाने में हुडा के बागवानी विभाग ने भी कम मेहनत नहीं की है। तमाम औषधीय पौधे लगाने के साथ-साथ फूलों से इसे महकाने की तैयारी की गई है। फुटपाथ के साथ-साथ छोटे-छोटे पौधे लगाए गए हैं जो सैर करने और यहां पिकनिक के लिए आने वालों की आंखों को सुकून देंगे।
बढ़ेंगी और भी सुविधाएं
सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क की तरह सेक्टर-31 स्थित टाउन पार्क में भी एक एम्यूजमेंट पार्क की सुविधा देने की तैयारी है ताकि बच्चे भी इसका भरपूर आनंद उठा सकें। इसके साथ ही मार्केट भी विकसित की जाएगी, ताकि सैर-सपाटे के लिए आने वाले लोगों को खाने-पीने की चीजों के लिए परेशान न होना पड़े।
विस्तार की भी योजना
सेक्टर 31 में बनाए जा रहे टाउन पार्क को आने वाले समय में और बड़ा किया जा सकता है। पार्क के पास कुछ जमीन पर डीएमआरसी ने अपना साइट ऑफिस बनाया था। फरीदाबाद में मेट्रो का काम खत्म होने के बाद डीएमआरसी ने यह जमीन खाली कर दी है। इस जमीन को पार्क में शामिल करने को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री ने भी रजामंदी जताई थी। इसका प्रस्ताव सरकार को भेजा जाना था।
टाउन पार्क बनकर करीब-करीब तैयार हो गया है। जो काम रह गया है उसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। मेरा प्रयास है कि 15 अगस्त को इसे जनता को समर्पित किया जाए।-कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय राज्यमंत्री
शहर के दूसरे टाउन पार्क का शहरवासियों को बेसब्री से इंतजार है। पार्क बनने के बाद आसपास के पॉश सेक्टरों के लाखों लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। केंद्रीय राज्यमंत्री के प्रयास से ऐसा हो पाया है।-एमपी रूंगटा, स्थानीय निवासी
लोगों के पास अब सैर-सपाटे के लिए एक और विकल्प होगा। नए टाउनपार्क की खूबसूरती और आबोहवा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगी। हम लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे हैं।-केबी दूबे, स्थानीय निवासी
10 एकड़ में बनाया गया नया टाउन पार्क
05 करोड़ के करीब आई निर्माण लागत
3.5 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा फायदा
सुविधाएं एक नजर में
-टाउन पार्क में अलग से जॉगिंग ट्रैक
-पार्क के अंदर सुंदर केनोपी वाली हट्स
-पार्क में लगाया म्यूजिकल फाउंटेंन
-सनलाइट के लिए स्लीपिंग चेयर
-रंग-बिरंगे फूलों के साथ औषधीय पौधे