घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार के अनुसार, शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीती 30 जून की रात करीब 11 बजे वह अपनी गाय को बांधने के लिए गेट के बाहर आई थीं। वहां पहले से नशे में धुत राहुल खड़ा था। उसे देखते ही राहुल ने उसे पीछे से पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने आरोपी ने उसके बाजू को दांत से काट लिया।
आरोपी ने दोनों हाथों से उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर आए उसके परिजनों ने उसे बचाया। इसी दौरान राहुल के परिजन मुकेश, देवचंद, राजीव, रिंकू, सुमति व अन्य लाठी-डंडा लेकर आए और उसे और उसके परिजनों को पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उन्हें पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।