नई दिल्ली साइबर सेल ने राजस्थान के झुंझुनू से पकड़ा, इंस्टाग्राम व वेबसाइट के जरिये करता था ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली जिला साइबर सेल ने भूत-प्रेत भगाने और व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले फर्जी तांत्रिक राहुल (20) को राजस्थान के झुंझुनू से गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम और फर्जी वेबसाइट के जरिये लोगों को झांसा देता था।
डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि चाणक्यपुरी निवासी मनीषा नवीन जिलोया से आरोपी ने 1.14 लाख रुपये ठग लिए थे। उसने पीड़िता को एक नामक इंस्टाग्राम पेज के जरिये संपर्क किया और घर में भूत-प्रेत का साया बताकर विशेष अनुष्ठान के लिए पैसे मांगे।
पुलिस जांच में आरोपी के नाम पर कई बैंक खाते, मोबाइल नंबर और फर्जी वेबसाइट मिली। टीम ने निरीक्षक हरीश चंद्र के नेतृत्व में तकनीकी निगरानी कर आरोपी को पकड़ा। उसके पास से तीन मोबाइल, पांच सिम, तीन डेबिट कार्ड और तीन चेक बुक बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि राहुल खुद को तांत्रिक और काला जादू विशेषज्ञ बताकर हर समस्या जैसे ब्रेकअप, प्रेम विवाह, ग्रह दोष, पारिवारिक विवाद आदि का समाधान करने का दावा करता था। वह पेड विज्ञापनों से इंस्टाग्राम रील्स प्रमोट करता और भुगतान मिलने के बाद संपर्क तोड़ देता था। पुलिस को शुरुआती जांच में करीब 50 लोगों से ठगी की जानकारी मिली है। जांच जारी है।
सभी समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था फर्जी तांत्रिक
जांच पड़ताल में पता चला कि आरोपी खुद को तांत्रिक और काला जादू करने वाला बताता था। उसने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट और वेबसाइट पर अलौकिक शक्तियों को चित्रित करने के लिए संपादित तस्वीरें, रील अपलोड करता था। वह हर समस्या का समाधान करने का दावा करता है। संपर्क करने वालों में वह डर पैदा करता था। उन्हें अनुष्ठानों करवाने और इसके जरिए उनकी समस्याओं को समाधान करने का आश्वासन देता था। अनुष्ठानों करवाने के लिए वह संपर्क करने वालों को यूपीआई के जरिये भुगतान करने के लिए कहता था। पैसा मिलने के बाद वह पीड़ितों से बातचीत बंद कर देता था।