प्रधानमंत्री का अध्यात्मिक गुरु बनकर सरकारी वीआईपी सुविधाएं लेने के आरोप में गिरफ्तार पुलकित मिश्रा उर्फ पुलकित महाराज को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी की रिमांड की अवधि बुधवार को खत्म हो गई थी।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कथक गुरु पुलकित महाराज को कला एवं संस्कृति मंत्रालय के फर्जी लेटर हेड से सिक्योरिटी व वीआईपी सुविधाएं लेने के आरोप में साहिबाबाद, गाजियाबाद, यूपी से 28 सितंबर को गिरफ्तार किया था। सीतापुर, यूपी से इस तरह की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय को मिली थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मामला दर्ज किया था। आरोपी से खुलासा हुआ है कि वह अपनी बहन पारुल पाठक को संस्कृति मंत्रालय की सचिव बना रखा था।
सचिव का फर्जी लेटरहेड संबंधित डीएम को फैक्स कर कहता था कि प्रधानमंत्री के आध्यात्मिक गुरु आ रहे हैं। उन्हें सरकारी सुविधाएं, सिक्योरिटी दी जाए। इस तरह पुलकित महाराज अप्रैल, 2018 में बरेली और सीतापुर और वर्ष 2017 में मथुरा गया था। मथुरा एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लेटरहेड खुद प्रिंट करवाता था। पुलिस का कहना है कि पारुल से जल्द पूछताछ की जाएगी। आरोपी साहिबाबाद, यूपी में कथक डांस की अकादमी चलाता है।