प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के अंतर्गत लोगों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके। आयुष्मान भारत के सीईओ डॉ. इंदु भूषण ने आंकड़े साझा करते हुए कहा कि इस स्कीम ने इतने कम समय में 50 हजार का आंकड़ा पार करते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
अभी तक योजना के तहत 54 हजार से ज्यादा लोगों को सत्यापित किया गया है और इनमें से कुछ लोगों ने इलाज भी करवा लिया है। डॉ. भूषण का दावा है कि अगले कुछ ही दिनों में एक लाख और परिवारों का सत्यापन करते हुए पूरे आंकड़े को छू लिया जाएगा। उनका कहना है कि लोग तेजी से आयुष्मान भारत के तहत रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं।
वहीं, बताया जा रहा है कि दिल्ली के करीब 50 से ज्यादा अस्पतालों ने आयुष्मान भारत योजना से जुड़ने की इच्छा जाहिर की है। चूंकि दिल्ली सरकार ने अब तक आयुष्मान भारत को लेकर केंद्र के साथ एमओयू साइन नहीं किया है। इसलिए अब केंद्र सरकार अन्य विकल्प के जरिये इन अस्पतालों को ये सुविधा मुहैया कराने पर विचार कर रही है।
आयुष्मान भारत के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के निजी अस्पतालों से उन्हें आवेदन मिले हैं। इन्हें जोड़ने के लिए विकल्प पर चर्चा हो रही है। अगर दिल्ली सरकार एमओयू साइन नहीं करती है तो आने वाले दिनों में अस्पतालों को शामिल करने के लिए योजना बनाई जाएगी। अभी तक इस योजना से 13,272 अस्पताल जुड़ चुके हैं। जबकि दिल्ली के अलावा केरल, तेलंगाना, पंजाब, ओडिशा राज्य इस योजना से नहीं जुड़ सके हैं।