पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख नामी कंपनी के स्टीकर, 23400 क्यूआर स्टीकर, 800 इंजन ऑयल की भरी बोतल, 3000 खाली बोतलें, ऑयल की 80 खाली बालटी व अन्य मशीनें बरामद की हैं। आरोपी पिछले पांच-छह माह से इस गोरखधंधे में लगे थे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि कैस्ट्रोल प्राइवेट लिमिटेड ने पश्चिम जिला के डीआईयू सेल से शिकायत की थी। कंपनी की ओर से कहा गया कि कुछ लोग कीर्ति नगर इलाके में नकली इंजन ऑयल तैयार कर मार्केट में बेच रहे हैं। सूचना के बाद फौरन एक टीम का गठन कर कीर्ति नगर डीएसआईआईडीसी में छापेमारी की।
यहां पुलिस ने ए-30, पहली मंजिल पर छापेमारी की। यहां नामी कंपनी के स्टीकर काटे जा रहे थे। पुलिस ने यहां से मुख्य आरोपी राकेश बेदी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने डी-19 और ए-9 में छापेमारी की। आरोपी राकेश स्टीकर के लिए खाली शीट उपलब्ध करवाता था। बाद में इसको कोटिंग के लिए भेज दिया जाता था।
पुलिस ने यहां से कमलेश कुमार, राकेश सिंह और मुदस्सिर खान को दबोच लिया गया। यह तीनों ही लोग स्टीकर प्रिंटिंग करने के अलावा उस पर कोटिंग कर राकेश बेदी को उपलब्ध करवाते थे। इसके बाद टीम ने भारत नगर की श्रीनगर कालोनी में छापेमारी की। यहां खाली बोतलों में नकली इंजन ऑयल भरा जा रहा था।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि पांचों आरोपी एक-दूसरे से जुड़े थे। मुख्य आरोपी स्टीकर बनवाने से लेकर खाली बोतलों में नकली इंजन ऑयल भरवाता था। बाद में उसे महंगे दामों पर बाजार में ठिकाने लगा दिया जाता था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।