दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नकली नोट सप्लाई करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के एक नोट सप्लायर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 5 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नकली नोट नेपाल व बांग्लादेश से भारत में सप्लाई किए जाते हैं।
भारत-बांग्ला बॉर्डर से पश्चिमी बंगाल के रास्ते बिहार पहुंचाए जाते हैं और वहां से देशभर में सप्लाई कर दिए जाते हैं। स्पेशल सेल डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में नकली नोट सप्लाई होने की खबर इंस्पेक्टर विवेकानंद पाठक व इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह को करीब 6 माह पहले मिली थी।
जांच में पता चला कि यह गोरखधंधा नेपाल और बांग्लादेश से चल रहा है। 6 जून को इस टीम को सूचना मिली कि गिरोह का सदस्य संतोष कुमार सिंह नकली नोटों की खेप लेकर आईएसबीटी कश्मीरी गेट आएगा।
पुलिस ने घेराबंदी कर संतोष कुमार को पकड़ लिया। उसके पास से 5 लाख रुपये नकली नोट मिले, जो 2-2 हजार के थे। नोटों की क्वालिटी इतनी बढ़िया हैं कि असली नोटों में मिलाकर उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल है। नकली नोटों में सुरक्षा धागा और वाटरमार्क आदि भी बने हुए हैं।