नरेला और बवाना में 90 फीसदी फैक्टरी के पास नहीं है एनओसी
दिल्ली फायर सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नरेला और बवाना औद्योगिक क्षेत्र में छोटी-बड़ी करीब 20 हजार से ज्यादा फैक्टरी हैं। यहां की 90 फीसदी से अधिक फैक्टरी दिल्ली फायर सर्विस की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के बिना ही चल रही हैं। इनमें आग बुझाने के भी कोई इंतजाम नहीं हैं।
नरेला में कई फैक्टरियां कर रही नियमों का उल्लंघन
दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यहां की ज्यादातर फैक्टरी को गुफानुमा बनाया गया है। नियमों के अनुसार सभी फैक्टरी में अंदर और बाहर की ओर दो सीढि़यों (जीना)(करीब डेढ़ मीटर चौड़ी) का इंतजाम होना चाहिए, लेकिन शायद ही यहां कोई ऐसी फैक्टरी होगी, जहां पर नियमों को ध्यान में रखकर दो सीढि़यों बनाई गई हो।
कोई ट्रेनिंग नहीं दी जाती
फैक्टरी मालिक ज्यादा से ज्यादा उत्पादन करने के चक्कर में फैक्टरी में लगी मशीनों को 24-24 घंटे चलाते हैं। मशीनों का रख-रखाव भी नहीं किया जाता है। ऐसे में इनमें हादसे की संभावना बनी रहती है। दूसरी ओर गांव से आने वाले सीधे-साधे मजदूरों से दिनरात काम तो करवाया जाता है, लेकिन उनको किसी भी तरह आग से बचाव की कोई ट्रेनिंग नहीं दी जाती है।
हादसे के बाद याद आते हैं नियम
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि किसी हादसे के बाद सभी विभाग सतर्क हो जाते हैं, जांच पड़ताल भी शुरू हो जाती है। समय बीतने के साथ सभी लोग मुद्दे को भूल जाते हैं। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जो भी फैक्टरी मालिक तय मानकों को पूरा करते हैं, पड़ताल के बाद उनको एनओसी जारी कर दी जाती है।
दिल्ली में इस साल आग की घटनाएं और मौतें
18 जनवरी, 2024: पीतमपुरा इलाके में घर में आग, छह लोगों की मौत, सात झुलसे
26 जनवरी, 2024: शाहदरा की एक वाइपर फैक्ट्री में आग, चार की मौत
27 जनवरी, 2024: शाहदरा इलाके में एक बिल्डिंग में लगी आग, छह को बचाया, जिनमें से चार की मौत
6 फरवरी, 2024: शाहदरा में चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग, एक बुजुर्ग की मौत
15 फरवरी, 2024: अलीपुर में एक पेंट फैक्टरी में लगी आग, 11 की मौत, चार को बचाया
31 मार्च, 2024: बुराड़ी स्थित प्रदीप विहार-इब्राहिमपुर इलाके में नाले की खुदाई के दौरान पाइपलाइन में लगी आग, दो मजदूर आए चपेट में, एक की मौत
2 अप्रैल, 2024: सदर बाजार इलाके में एक घर में आग, दो बच्चियों की दम घुटने से मौत
14 मई, 2024: आईटीओ स्थित सीआर बिल्डिंग में आग, एक की मौत, छह को बचाया
16 मई, 2024: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में अवैध पेपर गोदाम में आग, एक की मौत
20 मई, 2024: ज्योति नगर स्थित दुर्गापुरी एक्सटेंशन में चार मंजिला इमारत में आग, एक की मौत, दो परिवारों को बचाया
26 मई 2024: विवेक विहार स्थित बेबी केयर न्यू बोर्न बेबी अस्पताल में लगी आग सात बच्चों की मौत
26 मई 2024: कृष्णा नगर में एक इमारत में लगी आग, तीन लोगों की हुई मौत