संसद भवन में लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले के बाद वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर तमाम सवाल उठ रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के बावजूद लखनऊ निवासी सागर शर्मा और मैसूर निवासी डी. मनोरंजन संसद में जूते में छिपाकर स्मोक केन (धुआं बम) लेकर घुस गए। वहीं, संसद के बाहर पुलिस के सामने ही नीलम व अमोल शिंदे ने पीले व लाल रंग के स्मोक केन चला दिए और पुलिस उन्हें रोक नहीं पाई। इस सब के बीच लोकसभा की दर्शक दीर्घा में मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मोहन दानप्पा की बातचीत सामने आई है। उन्होंने कहा कि हम लोकसभा की कार्यवाही देखने आए थे। सभी लोग चुपचाप बैठे थे। अचानक दो प्रदर्शनकारी उठे और गैलरी से कूद कर सदन कक्ष में चले गए। इसके बाद सांसदों में अफरा-तफरी मच गई।
पूछताछ के दौरान दंपती की बेटी भी मौजूद रही
संसद में हुई इस घटना के बाद जब गुरुग्राम कनेक्शन मिला तो दिल्ली पुलिस की एक टीम विशाल शर्मा उर्फ विक्की शर्मा के घर पहुंच गई और विक्की व उसकी पत्नी वृंदा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। इस दौरान उनकी बेटी भी मौजूद रही। सूत्रों की मानें तो दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर और महिला पुलिस अधिकारी उनकी बेटी से भी पूछताछ कर रही हैं।