अलीपुर के शनि मंदिर रोड पर रविवार सुबह खड़ी कार में धमाके के बाद आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और झुलसकर उसकी मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, तब तक कार पूरी तरह से जलकर चुकी थी। पूरी घटना एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
रविवार सुबह 7.07 बजे दमकल विभाग को अलीपुर के शनि रोड पर एक कार में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंच गई। सेल्टोज कार में आग लगी थी। दमकलकर्मियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। कार पूरी तरह से जल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के बाद कार की तलाशी ली गई। ड्राइविंग सीट पर एक शख्स की झुलसी हुई लाश मिली।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कार में धमाका होने के बाद अचानक आग लग गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर सबूत इक्कठा किए। पुलिस को आशंका जताई है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कार में आग लगी है। छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल के एक मकान से लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला है। फुटेज में दिख रहा है कि चालक घटनास्थल के पास आकर अपनी कार रोकी। वह कार से उतरकर पीछे आया और फिर कुछ देखने के बाद कार में बैठ गया। उसके कुछ देर बाद धमाका के बाद कार में आग लग गई। नंबर से पता चला है कि कार ऋषु गांधी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस कार नंबर के जरिए मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।