दक्षिण जिले के फतेहपुरबेरी इलाके के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट व सामूहिक कुकर्म की घटना सामने आई है। स्कूल के ही नौवीं कक्षा के छात्रों ने स्कूल परिसर में ही इस घटना को अंजाम दिया।
विरोध करने पर छात्र को डंडों से बुरी तरह मारा-पीटा गया। इस वारदात से पीड़ित छात्र इस कदर सहम गया कि उसने एक दिन वारदात को छिपाए रखा।
मेडिकल जांच में पीड़ित के साथ कुकर्म होने व मारपीट करने की पुष्टि हो गई है। स्कूल परिसर में इस वारदात के बाद शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।
मारपीट करते हुए उसे स्कूल के पीछे ले गए
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार फतेहपुर बेरी में रहने वाले पीड़ित छात्र मोहित (बदला हुआ नाम) की उम्र 15 वर्ष है। मोहित ने फतेहपुर बेरी थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह 2 सितंबर को अपने स्कूल गया था।
वह दोपहर दो बजे क्लास में पहुंच गया था। उसकी क्लास के तीन लड़के उसे बुलाकर क्लास के बाहर ले गए। इन लड़कों के साथ उसका करीब दो महीने पहले झगड़ा हुआ था।
ये मारपीट करते हुए उसे स्कूल के पीछे ले गए। आरोपी लड़के उसके कपड़े उतारने लगे। मोहित ने विरोध किया तो आरोपी छात्रों ने उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
अधमरा कर बारी-बारी से किया गलत काम
जब वह अधमरा हो गया तो तीनों आरोपी छात्रों ने बारी-बारी से उसके साथ गलत काम किया। मोहित ने आगे शिकायत में कहा है कि आरोपी छात्र जब उसके साथ गलत काम कर रहे थे उस समय उसका ताऊ का लड़का स्कूल परिसर में आ गया था।
ताऊ के लड़के ने विरोध किया तो आरोपी छात्रों ने उसके ताऊ के लड़के की पिटाई कर उसे मौके से भगा दिया। उसने डर के चलते किसी को कुछ नहीं बताया। अगले दिन आरोपी तीनों लड़कों ने उसके चाचा के लड़के व उसके दोस्त की पिटाई कर दी।
मौके पर पुलिस आ गई तो उसने भी अपने साथ हुई आपबीती बताई। एम्स में मेडिकल जांच में पीड़ित छात्र कुकर्म व मारपीट होने की पुष्टि हो गई है।
फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने मारपीट व कुकर्म की धाराओं में मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपी छात्रों को पकड़ लिया। इनमें एक आरोपी राहुल को बालिग बताया जा रहा है। उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।