-ऐसे लोगों को अपनी उम्र, वजन और रोजाना की गतिविधियों के हिसाब से ही प्रोटीन लेना चाहिए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जो लोग शारीरिक रूप से कम सक्रिय रहते हैं, उनके लिए जरूरत से ज्यादा प्रोटीन का सेवन हमेशा फायदेमंद नहीं होता। ऐसे लोगों को अपनी उम्र, वजन व रोजाना की गतिविधियों के हिसाब से ही प्रोटीन लेना चाहिए। संतुलित मात्रा में प्रोटीन शरीर पर अनावश्यक दबाव कम करता है व स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखता है।
आरएमएल अस्पताल की पोषण विशेषज्ञ डॉ. शालिनी वर्मा ने बताया कि प्रोटीन की जरूरत हर व्यक्ति की अलग होती है। कम शारीरिक मेहनत करने वालों को अतिरिक्त प्रोटीन का कोई लाभ नहीं मिलता। बेहतर है कि वे दाल, दूध, दही, अंडा, पनीर व मछली जैसे प्राकृतिक स्रोतों से संतुलित मात्रा में प्रोटीन लें और हल्की शारीरिक गतिविधि भी करें। उन्होंने कहा कि अधिक प्रोटीन व कैलोरी से वजन बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि प्रोटीन की मात्रा तय करने से पहले उम्र, शरीर की स्थिति व स्वास्थ्य जरूरतों पर ध्यान दें। केवल फिटनेस ट्रेंड या दूसरों की डाइट देखकर प्रोटीन बढ़ाना सही नहीं है। अच्छी सेहत के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद व रोजाना गतिविधि सबसे अहम है।