पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा को वैशाली सेक्टर एक स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां बुधवार को उनका नी रिप्लेसमेंट सर्जरी (घुटना प्रत्यारोपण) किया जा सकता है। उनके सभी रूटीन चेकअप पूरे कर लिए गए।
वहीं उन्होंने अस्पताल में किसी से भी मंगलवार को कोई मुलाकात नहीं की। मैक्स अस्पताल के डॉ. अखिलेश यादव ने बताया कि बेनी प्रसाद वर्मा को लंबे समय से गठिया की समस्या थी। इससे उन्हें चलने में परेशानी हो रही थी।
इसके चलते अब उनकी नी रिप्लेसमेंट सर्जरी की जाएगी। सूत्रों की मानें तो सोमवार को उन्हें अस्पताल में लाया गया था। मंगलवार को उनके रूटीन चेकअप किए गए।
बुधवार को सर्जरी की जा सकती है। यदि बुधवार को सर्जरी हुई तो एक दो दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। वह वीआईपी रूम में है और किसी से भी नहीं मिल रहे हैं।