दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित मांडी गांव में मौजूद रोज फॉर्म हाउस में नए साल की रात पार्टी में फायरिंग के दौरान महिला आर्किटेक्ट की मौत मामले में पूर्व विधायक राजू सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। शनिवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके भाई राजेश सिंह को भी हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि राजेश ने अपने भाई व भाभी के साथ मिलकर हत्याकांड के सबूत मिटाए थे। पुलिस रविवार को उसे कोर्ट में पेश करेगी।
दक्षिण जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजू सिंह व हरि सिंह से पूछताछ के बाद राजेश को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने घटना वाले दिन गोली लगने के बाद फॉर्म हाउस में खून को साफ करने और वहां चल रही गोलियों के खोखे हटाने में अपने भाई की मदद की थी। मामले की छानबीन लगातार जारी है। राजू सिंह व उनका चालक हरि सात दिन की पुलिस रिमांड पर है, जबकि राजू सिंह की पत्नी रेनू को जेल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में यह पांचवी गिरफ्तारी है।