फरीदाबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी के प्रयासों के बावजूद मतदान के दिन कई जगहों पर वोटिंग का कार्य समय पर शुरू नहीं हो सका। इसको लेकर मतदाताओं में खासी नाराजगी देखी गई।
एनएच-तीन स्थित डीएवी शताब्दी कॉलेज के बूथ संख्या 38 में मतदान शुरू होने के चार घंटे बाद ही ईवीएम में खराबी आ गई।
बूथ पर राहुल कॉलोनी के निवासी मतदान कर रहे थे। उस समय सुबह 10:50 बजे थे। खराबी के कारण वहां हंगामा शुरू हो गया। पीठासीन अधिकारी ने गेट बंद करवा दिया। विवाद बढ़ता देखकर तत्काल पीठासीन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर नई मशीन मंगवाई।
नई मशीन 12:10 बजे शुरू हो सकी। पुरानी मशीन में 311 वोट पड़ चुके थे। उसे सील कर नई मशीन लगाई गई। इस बूथ पर कुल 1,318 वोट हैं। मतदाता सुरेश, नवीन, प्रेम व मिथलेश ने बताया कि उन्हें दो घंटे से ज्यादा वक्त तक लाइन में खड़े रहना पड़ा।
सेक्टर-55 स्थित राजकीय प्राइमरी पाठशाला में पहले 141 व 142 नंबर बूथ बनाया गया था, लेकिन बाद में इसे सेक्टर के ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिफ्ट कर दिया गया। इस कारण सुबह 7 बजे शुरू होने वाला मतदान करीब डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुआ। इस दौरान दोनों बूथों पर मतदाता भटकते रहे, लेकिन उन्हें पर्याप्त जानकारी देने वाला कोई भी मौजूद नहीं था।