कोरोना वायरसः जांच के नमूने लेते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
देश की राजधानी में अब तक कोरोना वायरस से लगभग छह हजार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से हर पांचवां मरीज कोरोना की चपेट में आने से पहले दूसरी बीमारी से ग्रस्त था। जानकारी के अनुसार दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराए गए ऑडिट में यह पता चला है कि संक्रमण से मरने वाले हर पांच में से एक व्यक्ति को डायबिटीज और हाइपरटेंशन या हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत थी।
वहीं, निमोनिया के चलते भी लोगों की मौत हुई है। आरटीआई के जरिये मिली जानकारी के अनुसार जिन लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुई है, उनमें 55 फीसदी ऐसे थे जिन्हें पहले से कोई न कोई बीमारी थी। 1 मार्च से 30 सितंबर के बीच दम तोड़ने वाले 5,509 में से 1,086 लोग मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित थे। वहीं, 989 मरीज निमोनिया से पीड़ित थे। इसके अलावा दिल्ली में कोरोना संक्रमण से हुई मौतों में 66 फीसदी पुरुष हैं। 51 से 70 वर्ष की आयु के सर्वाधिक 2697 मरीजों की मौत कोरोना वायरस से हुई।