लॉकडाउन हटाने के बाद भी दिल्ली सरकार की ओर से जिम खोलने की इजाजत नहीं दी गई है। बावजूद इसके पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में एक जिम खुला हुआ था। जिम में कसरत करने जुटे लोगों ने मास्क ने भी नहीं लगा रखा था।
पड़ोसी महिला ने कोरोना के खतरे को देखते हुए पुलिस को कॉल कर जिम खुला होने की सूचना दे दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां 3 युवतियां और केयरटेकर समेत 11 लोग कसरत कर रहे थे। पुलिस को देखकर सभी ने पीछे के दरवाजे से भागने का प्रयास किया। सभी को गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, जगतपुरी स्थित शिवपुरी एसबीआई के ठीक ऊपर आशी फिटनेस जोन के नाम से जिम है। जिम में महिला-पुरुष दोनों कसरत के लिए आते हैं। लॉकडाउन की वजह से जिम काफी दिन बंद रहा। जिम के पड़ोस में ही अनीता शर्मा नामक महिला परिवार के साथ रहती है। पिछले कई दिनों अनीता देख रही थी कि जिम में लोग करसत करने आने लगे थे। बिना मास्क लगाए तेज म्यूजिक बजाकर लोग कसरत करते थे।
शु्क्रवार सुबह अनीता ने पीसीआर कॉल कर जिम खुला होने और बिना मास्क के कसरत करने की सूचना पुलिस को दी। जगतपुरी थाना पुलिस ने फौरन वहां छापा मारा तो जिम में मौजूद केयर टेकर रहीस खान ने सभी 11 युवक-युवतियों को पीछे के रास्ते भगाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने सभी को घेर लिया।
इसके बाद थाने लाकर सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी रहीस खान से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जिम का मालिक कौन है और बिना इजाजत के वह जिम कैसे खोला हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि जिम पिछले कई दिनों से खुला हुआ था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।