व्यापार मेले में नाम, जन्मतिथि सुधारने से लेकर पीएफ निकासी और बीमा क्लेम तक की मिल रही सुविधा, कठपुतली शो और नुक्कड़ नाटक से भी कर रहे जागरूक
सचिन कुमार
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) का पवेलियन नौकरीपेशा लोगों के लिए मददगार साबित हो रहा है। यहां कर्मचारी पीएफ निकासी, खाते में गलत नाम और जन्मतिथि ठीक कराने, पेंशन संबंधी नियमों तथा बीमा योजनाओं से जुड़े सवालों के जवाब दे रहे हैं। खास बात यह है कि इन सेवाओं के लिए लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
नौकरीपेशा लोगों को अक्सर पीएफ खाते से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। किसी का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) सक्रिय नहीं होता तो किसी की केवाईसी अधूरी रहती है। वहीं, खाते में नाम, जन्मतिथि या अन्य जानकारियां गलत होने से पीएफ निकासी का आवेदन अटक जाता है। ऐसे मामलों में ईपीएफओ के कर्मचारी लोगों को सुधार की प्रक्रिया समझा रहे हैं। यूएएन सक्रिय कराने, केवाईसी अपडेट करने और ऑनलाइन पीएफ क्लेम भरने में भी सहायता दी जा रही है। जिन लोगों के आवेदन लंबित हैं, उन्हें उनकी स्थिति और आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिल रही है।
कठपुतली शो से बचत और पेंशन का संदेश
पवेलियन में लोगों को जागरूक करने के लिए मनोरंजन का सहारा भी लिया जा रहा है। राजा रांचो नाम से आयोजित कठपुतली शो के जरिए पीएफ में बचत, पेंशन और बीमा का महत्व समझाया जा रहा है। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक में बताया जा रहा है कि नौकरी के दौरान जमा की गई रकम मुश्किल समय और बुढ़ापे में किस तरह आर्थिक सहारा बन सकती है। पीएफ और पेंशन से संबंधित क्विज प्रतियोगिता के जरिए लोगों की जानकारी भी परखी जा रही है। बच्चों और युवाओं के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता तथा सेल्फी बूथ की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
कर्मचारी की मृत्यु पर परिवार को बीमा लाभ
ईपीएफओ के पवेलियन में कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना (ईडीएलआई) के बारे में भी बताया जा रहा है। इस योजना के तहत नौकरी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र परिवार को बीमा राशि मिल सकती है। कर्मचारियों की ओर से आश्रितों को क्लेम की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की प्रक्रिया समझाई जा रही है, ताकि परिवार अपने अधिकारों से वंचित न रहे।
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने में मदद
पवेलियन में युवाओं से लेकर पेंशनधारकों तक के सवालों का समाधान किया जा रहा है। नौकरी कर रहे लोगों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन पाने की प्रक्रिया बताई जा रही है। वहीं, बुजुर्ग पेंशनधारकों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने और जमा करने में मदद मिल रही है। इससे उन्हें प्रमाणपत्र जमा कराने के लिए अलग से कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ती।