- ग्यारहवीं कक्षा में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 7 मई को होगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सीएम श्री स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश परीक्षा के लिए तिथियां जारी कर दी गई हैं। छठी और नौवीं कक्षा में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 13 अप्रैल को जबकि ग्यारहवीं में दाखिले के लिए परीक्षा 7 मई को आयोजित की जाएगी।
शिक्षा निदेशालय ने प्रवेश परीक्षा का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार छठी और नौवीं कक्षा के लिए एडमिट कार्ड 8 अप्रैल दोपहर 12 बजे से उपलब्ध होंगे, जबकि कक्षा 11 के लिए एडमिट कार्ड 1 मई 2026 को दोपहर 12 बजे से आधिकारिक वेबसाइट edudel.nic.in पर जारी किए जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा कक्षा 6 और 9 के लिए 13 अप्रैल 2026 को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 11वीं की परीक्षा 7 मई 2026 को सुबह 11:30 से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
छठी कक्षा और नौवीं के नतीजे 30 अप्रैल 2026 तक घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि 11वीं का परिणाम 25 मई 2026 तक जारी किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार के अपडेट, दिशा-निर्देश या बदलाव की जानकारी समय पर मिल सके।