डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए उनके अनुयायियों ने रविवार को नवयुग मार्केट पैठ बाजार बंद कराया। इस बीच जमकर विरोध हुआ।
कोतवाली इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाजार बंद न कराने की अपील की। इस दौरान बाजार बंद कराने वाले लोगों और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई।
प्रतिमा खंडित होने पर विरोध जता रहे लोगों ने बाद में अंबेडकर पार्क में धरना शुरू कर दिया। उन्होंने मूर्ति क्षतिग्रस्त करने वालों की गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी।
डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने पर पुलिस और प्रशासन ने नई मूर्ति मंगाकर मामला तो शांत करा लिया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई।
इसके विरोध में डॉ. अंबेडकर जन्मोत्सव कमेटी के संरक्षक वेदप्रकाश केन के नेतृत्व में 20 से ज्यादा अनुयायी नवयुग मार्केट पैठ बाजार में पहुंचे। उन्होंने विरोध स्वरूप पैठ बाजार बंद कराना शुरू कर दिया।
पार्क के पास की दुकानें बंद करा दी गईं। दुकानदारों ने इसका विरोध कर पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाली इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बाजार बंद कराने पर एतराज जताया।
इस दौरान वेद प्रकाश केन और इंस्पेक्टर के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस और दुकानदारों के विरोध के चलते बाद में बाजार खोल दिया गया। इस पर प्रतिमा खंडित होने का विरोध कर रहे लोगों ने अंबेडकर पार्क में धरना दे दिया।
धरने में बसपा नेता सत्यपाल चौधरी, पेट्रोल पंप एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर सिंह, मदनपाल गौतम, जयप्रकाश, नरेंद्र मोहित, राजेंद्र गौतम, बाबू लाल मौजूद रहे। वेद प्रकाश केन ने कहा कि जब तक पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करेगी, उनका धरना जारी रहेगा।
मूर्ति की ऊंचाई पर नहीं बन सकी सहमति
डॉ. अंबेडकर की मूर्ति के लिए फाउंडेशन की ऊंचाई तय करने पर विवाद हो गया है। डॉ. अंबेडकर जन्मोत्सव समिति के पदाधिकारी फाउंडेशन की ऊंचाई 10 फीट रखने की मांग कर रहे थे।
समिति के संरक्षक वेद प्रकाश केन ने बताया कि निगम अधिकारी 5-6 फीट ऊंचाई रखने की बात कह रहे थे। उनका तर्क था कि फाउंडेशन की ऊंचाई बढ़ाई गई तो फिर बजट बढ़ जाएगा और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करनी पड़ेगी।
आचार संहिता लागू होने की वजह से टेंडर फिलहाल नहीं किया जा सकता। ऐसे में रविवार को भी समिति और निगम अफसरों में सहमति नहीं बन सकी।
अब सोमवार को समिति के पदाधिकारी निगम अफसरों से फिर वार्ता करेंगे। सहमति बनने के बाद मूर्ति के लिए फाउंडेशन बनाया जाएगा।
नई मूर्ति की निगरानी कर रही पुलिस
नई मूर्ति मंगाकर पुलिस ने अंबेडकर पार्क में ही रखवा दी है। करीब साढ़े सात सौ किलो की मेटल की इस मूर्ति की निगरानी को पुलिस तैनात कर दी गई है। अब इसकी सुरक्षा में दिन-रात 6-7 पुलिसकर्मी तैनात हैं।