गाजियाबाद के मनन धाम के पास बृहस्पतिवार देर शाम कविनगर पुलिस की बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया।
मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से एक हेड कांस्टेबल भी जख्मी हो गया। घायल बदमाश कुख्यात लुटेरा बताया गया है, जो कविनगर थाने से पर्स लूट की घटना में वांछित चल रहा था।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि कविनगर इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा देरशाम पुलिस टीम के साथ मनन धान 16 मंजिल चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर उल्टा भागने लगे।
पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। बदमाशों की गोली से हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर भी घायल हुआ है।
बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद एक बदमाश पैदल भागने में कामयाब हो गया। एसएसपी ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान वारिस उर्फ सलमान उर्फ संजू बाबा उर्फ गंजा निवासी कोड़ी कॉलोनी थाना नंदनगरी दिल्ली केरूप में हुई है।
एसएसपी के मुताबिक जून 2019 में कविनगर थानाक्षेत्र में पर्स लूट की वारदात हुई थी। पर्स में 10 हजार रुपये रखे थे। जांच के दौरान वारदात को अंजाम देने वाले में वारिस का नाम प्रकाश में आया था।
फरार चलने पर उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। वारिस पर दिल्ली के फर्श बाजार, सनलाइट कॉलोनी, बसंत कुंज, क्राइम ब्रांच, आनंद विहार थाने के अलावा सिहानी गेट थाने में लूट, आर्म्स एक्ट के27 मुकदमा दर्ज हैं। फरार बदमाश की पहचान अकरम निवासी दिल्ली के रूप में हुई, जिसकी तलाश की जा रही है।