पटौदी के सिंडीकेट बैंक में शुक्रवार को भी कैश नहीं मिलने ग्राहकों ने बैंक कर्मियों को खूब खरी खोटी सुनाई। जिससे घबराकर बैंक कर्मी गेट पर ताला लगाकर भाग गए। शाम तक भी बैंक कर्मचारी वापस नहीं लौटे। बैंककर्मियों के व्यवहार से गुस्साए ग्राहकों ने एक घंटे तक हेलीमंडी-पटौदी रोड पार जाम लगा दिया।
बैंक में पेंशन लेने आए भूतपर्व सैनिक शाम तक उनके लौटने का इंतजार करते रहे। परंतु बैंक कर्मियों नहीं लौटने से निराश होकर वह सरकार व बैंक कर्मियों को कोसते हुए घरों को लौटे। बता दें कि पटौदी के सिंडीकेट बैंक में कैश को लेकर ज्यादा ही किल्लत बढ़ रही है।
गांव रणसिका निवासी बलवंत सिंह, पटौदी निवासी रधुबीर सिंह, ताजनगर निवासी तेजराम व रामकुंवार, मऊ निवासी जागेराम, जनोला निवासी रामश्ेावर बताया कि वह जब भी बैंक में जाते हैं, तो उन्हें कह दिया जाता है कि कैश नहीं है।
जबकि बैंक में आसपास गांवों के कर्मचारियों एवं पूर्व सैनिकों समेत बुढ़ापा पेंशन आती है। एक दिसंबर से ही पेंशनधारक बैंक के चक्कर लगा रहे हैं परंतु उन्हें वह नहीं मिल पा रही हैं। बुढ़ापा पेंशन दो महीने से नहीं मिली है। उन्हें घर की जरूरत का सामान खरीदना है। इसलिए पैसे की जरूरत है। लोगों का कहना है कि यदि कैश नहीं था, तो कम से कम वह बैंक में रहते। लोगों को स्थिति की जानकारी तो मिल जाती।