-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय में पूर्वी रेंज के संयुक्त आयुक्त की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक
-नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस में रियल-टाइम सूचना साझा करने व सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने पर बनी सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। राजधानी और उससे सटे एनसीआर शहरों में महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने के लिए दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबेरे ने की। बैठक में सीमावर्ती इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा, पुलिस कार्रवाई और आपसी तालमेल को बेहतर बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार, उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल, गाजियाबाद (ट्रांस हिंडन) के डीसीपी रिजुल, नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह और उत्तर-पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक-दूसरे से सटे सीमावर्ती इलाकों में महिलाओं से जुड़े अपराधों को रोकने के लिए निरोधात्मक गश्त बढ़ाने, हॉटस्पॉट की पहचान करने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में समय रहते सूचनाओं के तुरंत आदान-प्रदान (रियल-टाइम शेयरिंग) पर विशेष बल दिया।
इसके अलावा देर रात यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा और सीमा क्षेत्रों पर पुलिस पिकेट्स व विजिबिलिटी बढ़ाने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा पुलिस का साझा लक्ष्य महिलाओं को एक सुरक्षित और भयमुक्त माहौल प्रदान करना है। इसके लिए तीनों सीमाओं के पुलिस थानों के बीच तालमेल और प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा।