ग्रेटर नोएडा में बिजली विभाग की लापरवाही से खंभे से गिरने से ठेका कर्मचारी योगेश कोमा में है। परिजन दोषी अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के अफसरों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। मामले की शिकायत डीएम से भी की है।
दादरी के दादूपुर खटाना गांव निवासी ममता ने आरोप लगाया है कि पति योगेश ढाई साल से चिटहैडा बिजलीघर पर ठेका कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहा है। 31 मई को इंजीनियर ने उसे पाली गांव में टूटा तार जोड़ने के लिए भेजा था। जूनियर इंजीनियरों के सामने चिटहैडा बिजलीघर पर लिखित में फीडर बंद कराकर पाली गांव चला गया।
पाली गांव में खंभे पर चढ़कर जब वह तार जोड़ रहा था, इसी बीच चिटहैडा बिजली घर से पाली गांव की आपूर्ति चालू कर दी गई। करंट लगने से योगेश खंभे से नीचे गिर गया। योगेश घर पर ही कोमा में है।
जब पत्नी ममता रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने उसको धमकाकर भगा दिया। ममता ने दोषियों के खिलाफ दादरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।