दिल्ली-शामली रूट पर बहुत जल्द इलेक्ट्रिक ट्रेन चलेंगी। इस रूट का विद्युतीकरण करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 50 करोड़ रुपये की लागत से शुरू होने वाले इस काम को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली-शामली रूट पर फिलहाल डीजल इंजन से ट्रेनों का संचालन किया जाता है। विद्युतीकरण होने से प्रदूषण भी कम होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उत्तर दिल्ली से जुड़ा यह अंतिम रूट है, जिस पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन चलेंगी।
दिल्ली-शाहदरा से गोकलपुर होते हुए शामली के लिए एक अलग रूट निकलता है, जो लोनी, बागपत रोड, बड़ौत और शामली से होता हुआ टपरी में गाजियाबाद-सहारनपुर रूट में मिलता है। इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेन चलने से दैनिक यात्रियों को मेमू ट्रेनों की सर्विस भी इस रूट पर मिल जाएगी।
हिंडौन सिटी स्टेशन पर ठहरेगी नंदा देवी एक्सप्रेस
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन को राजस्थान स्थित हिंडौन सिटी स्टेशन पर भी ठहराव दिया है। ट्रेन संख्या 12401/12402 कोटा-देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस को तत्काल प्रभाव से हिंडौन सिटी स्टेशन ठहरने का आदेश दे दिया गया है।
ट्रेन संख्या 12401 कोटा-देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस रात 8:14 बजे व वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 12402 देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस सुबह 7:37 बजे एक-एक मिनट के लिए इस स्टेशन पर ठहरेगी।