दक्षिण दिल्ली नगर निगम के महापौर व उपमहापौर चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवार व अन्य नेता वैसे ही एक-एक वोट के लिए पार्षदों से संपर्क साध रहे हैं जैसे आम चुनाव में वह मतदाताओं से वोट मांगते हैं।
वे पार्षदों से फोन के अलावा घर जाकर भी वोट देने का आग्रह कर रहे हैं। इस दौरान वह अन्य दलों के पार्षदों से ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे दल के पार्षदों से भी संपर्क कर क्रॉस वोटिंग करने का आग्रह कर रहे हैं। दक्षिण दिल्ली नगर निगम के महापौर और उपमहापौर का चुनाव बुधवार को सदन की बैठक में होगा।
सदन में भाजपा के पास बहुमत है। इसके बावजूद कांग्रेस ने दोनों पदों पर भाजपा के उम्मीदवारों के खिलाफ ताल ठोंक रखी है। इसके चलते दोनों पदों का चुनाव काफी रोचक हो गया है। दरअसल, दोनों पदों के चारों उम्मीदवार खुलेआम एक-दूसरे दल के पार्षदों से क्रॉस वोट करने के लिए संपर्क साध रहे है। वहीं, अन्य दलों के पार्षदों से वोट लेने के लिए वादे कर रहे हैं।