दिल्ली सरकार के वर्तमान मंत्री इमरान हुसैन की विधानसभा की राह इस बार आसान नही है। कांग्रेस और भाजपा के मजबूत उम्मीदवार उनको कड़ी टक्कर दे रहे हैं। कांग्रेस से हारून यूसुफ दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री व बल्लीमारान सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे हैं।
वहीं, सियासी परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूर्व पार्षद लता की भी इलाके में मजबूत पकड़ है। हालांकि, भाजपा 1993 से 2015 तक के विधानसभा चुनावों में एक बार भी इस सीट को अपने खाते में नहीं कर सकी है।
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बल्लीमारान विधानसभा दिल्ली की ऐसी सीटों में से एक है, जिस पर सभी की निगाहें हैं। मुस्लिम बहुल बल्लीमारान इलाके को मशहूर शायर मिर्जा गालिब की धरती के तौर पर भी याद किया जाता है।
गालिब की हवेली यहीं पर हैं। लजीज व्यंजनों, जूते-चप्पलों और खासतौर पर चश्मे के बाजारों के लिए मशहूर इस सीट पर मुकाबला रोचक होने के आसार है। दिल्ली सरकार के एक मौजूदा व एक पूर्व मंत्री और एक पूर्व पार्षद के बीच का सियासी मुकाबला तीनों के दांत खट्टे कर रहा है।