तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। फर्श बाजार इलाके में शुक्रवार को ई-रिक्शा पलटने से बुजुर्ग की मौत हो गई और एक महिला घायल है। मृतक की पहचान कृष्णा नगर निवासी कोमल सिंह चंदेल (74) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शख्स और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने बताया कि बुजुर्ग की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं, महिला को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि शुक्रवार को फर्श बाजार थाना पुलिस को हेडगेवार आरोग्य संस्थान के पास ई-रिक्शा पलटने से लोगों के घायल होने की सूचना मिली। घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चालक तेज रफ्तार में ई-रिक्शा चलाते हुए गली नंबर-17 से गुजर रहा था। कुछ दूर चलने के बाद गली में अचानक सामने से एक स्कूटी आ गई। स्कूटी को बचाने के कारण चालक ने ई-रिक्शा को एक तरफ मोड़ दिया जिससे चलता रिक्शा पलट गया।
ई-रिक्शा पलटने से उसमें यात्रा कर रहे कोमल सिंह के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई जबकि महिला के दाहिने पैर में मामूली चोटें आई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पुलिस ने रिक्शा चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के चलते घातक दुर्घटना का मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया। रिक्शा चालक की पहचान नाज मोहम्मद उर्फ आसिफ के रूप में हुई। पुलिस ने ई-रिक्शा को भी कब्जे में ले लिया। चालक के दाहिने हाथ में भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने वीडियो और फोटोग्राफी के लिए मोबाइल क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कराए। साथ ही हादसे में अन्य किसी के घायल होने की जांच भी जारी है।