मुजेसर थाना क्षेत्र से छह दिन पहले लापता हुई आठ साल की बच्ची का शव मंगलवार को सोहना रोड स्थित एक खाली प्लॉट से मिला। उसकी शिनाख्त के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाह रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए सोहना रोड पर जाम लगा दिया।
करीब 20 मिनट बाद मुजेसर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिलाया। इसके बाद जाम खुला। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा गया है।
मृतका अवनि के पिता आनंद (दोनों के नाम बदला हुआ) ने बताया कि 18 दिसंबर को उसकी बेटी अपने भाई के साथ पास के पीर की मजार पर प्रसाद लेने के लिए गई थी।
वहां चादर बेचने वाले फिरोज ने बच्ची को घर से कपड़े बदल कर आने की बात कहकर लौटा दिया था। कुछ देर बाद बच्ची कपड़े बदल कर दोबारा वहां चली गई , लेकिन इसके बाद वह घर लौट कर नहीं आई।
आनंद ने आरोप लगाया कि मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए उसने फिरोज पर अपहरण का शक जताया था, लेकिन पुलिस ने उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
मंगलवार सुबह उन्हें आसपास के लोगों ने बताया कि मजार से सौ मीटर की दूरी पर एक खाली प्लॉट में बच्ची का शव पड़ा हुआ था। उसने मौके पर जाकर देखा तो शव उसकी बेटी का ही थी।
मामले के जांच अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी ने दुष्कर्म करने के बाद बच्ची को मारा। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं।