दिल्ली के अशोक विहार पुलिस थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक आठ साल की बच्ची को रेलवे लाइन के किनारे झाडियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस दौरान बच्ची के विरोध करने पर आरोपी ने उसे पीटकर अधमरा कर दिया और मृत समझकर वहां से फरार हो गया।
बच्ची के गायब होने के बाद बैचेन परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की और झाडियों में बच्ची के मिलने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। आरोपी के नाम का खुलासा होते ही लोगों ने उसे इलाके से दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बुधवार रात अशोक विहार स्थित झुग्गी में रहने वाली आठ साल की बच्ची घर से गायब हो गयी। परिवार वाले बच्ची की तलाश शुरू कर दी। करीब पौने दस बजे परिवार वालों को बच्ची खून से लथपथ हालत में रेलवे लाइन के पास झाडियों में मिली। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई और बच्ची को इलाज के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया।
बच्ची ने परिजनों को बताया कि पड़ोस वाले अंकल उसे बहला फुसलाकर रेलवे लाइन के किनारे स्थित झाडियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी ने उसकी मारा पीटा और उसे मृत समझकर वहां से फरार हो गया। आरोपी के नाम का खुलासा होते ही परिवार वाले और आस पास के लोग पुलिस के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी और देर रात इलाके से दबोच लिया। लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की उम्र 25 साल है। वह मूलत: दरभंगा बिहार का रहने वाला है और फैक्टरी में काम करता है। उधर बच्ची की हालत स्थिर हैं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।