गाजियाबाद के पब्लिक स्कूलों में नया सत्र शुरू होते ही छुट्टियों की तलवार लटकने लगी है। 10 अप्रैल को लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में स्कूलों की लगभग 850 बसें ली जाने से छुट्टियां करने की नौबत आ गई है। बसें लिए जाने के आदेश के बाद तमाम स्कूलों ने आठ से 11 अप्रैल तक की छुट्टियां घोषित करने का फैसला किया है।
स्कूलों को आठ अप्रैल को अपनी बसें कमला नेहरू नगर मैदान में रिपोर्ट करने के आदेश दिए गए हैं। नए सत्र में केवल दो दिन ही पढ़ाई होने और संभावित छुट्टियां पढ़ने से स्कूलों को कोर्स पिछड़ने का डर सताने लगा है।
26 दिन ही होगी पढ़ाई
प्राइवेट स्कूलों का तीन अप्रैल से शुरू हुआ नया सत्र 14 मई तक चलेगा। पहले बसों के चुनावी ड्यूटी में होने से आठ से 11 अप्रैल तक की छुट्टियां, 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती, 15 को हनुमान जयंती, 18 को गुड फ्राइडे सहित कुल छह रविवार की छुट्टियों के चलते इस सत्र के अब केवल 26 दिन ही पढ़ाई हो सकेगी। 13 दिन की छुट्टियों के चलते कोर्स को पटरी पर लाना चुनौती साबित होगा।