मैं सेक्टर - 12 से संगीता बोल रही हूं। मेरे पास अभी 500 रुपये से छोटा नोट नहीं है। सब्जी वाले ये नोट ले नहीं रहे हैं। जबकि बच्चे को लंच बॉक्स देकर स्कूल भी भेजना है। अब कैसे बच्चे का लंच तैयार करूं। प्लीज मेरी मदद करो।
500 और 1000 रुपये के नोट बंद होने से सिर्फ बुधवार को इमरजेंसी कंट्रोल रूम में पुलिस के पास करीब 800 कॉल मदद के लिए आई हैं। पुलिस ने सभी कॉल करने वाले बैंक मैनेजर से संपर्क करने की सलाह दी है।
केंद्र सरकार की तरफ से काला धन को रोकने के लिए 500 और 1000 नोट के बंद कर दिए गए हैं। अचानक से जब लोगों को इसकी सूचना मिली तो लोग परेशान हो गए। इसके बाद से कोई भी शख्स 500 और 1000 रुपये लेने को तैयार नहीं है।
लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि कैसे वो रोजाना के छोटे - मोटे काम करें। ऐसे में लोग पुलिस का ही सहारा ले रहे हैं। लोगों को लग रहा है कि पुलिस को कॉल करने पर उनकी दिक्कत दूर हो जाएगी।