इससे पहले चार जनवरी को आप के कुछ नेताओं ने दावा किया था कि उन्हें खबर मिली है कि ईडी केजरीवाल के आवास पर छापा मारकर केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकती है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया था कि आज (चार जनवरी) को ईडी केजरीवाल के आवास पर छापा मारेगी और उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
उधर, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी के समन पर बीजेपी नेता बांसुरी स्वराज का कहना है कि यह शर्मनाक है कि सीएम अरविंद केजरीवाल जांच से भाग रहे हैं, अगर ईडी ने समन भेजा है तो किसी भी जांच में शामिल होना चाहिए, अगर आप ईमानदार हैं तो आपको जांच में शामिल होना चाहिए। कानून सभी पर समान रूप से लागू होते हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED के समन पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को चौथी बार समन जारी किया गया है, ऐसा क्यों है कि कांग्रेस पार्टी आपके खिलाफ मामले के समर्थन में खड़ी है और कह रही है कि आप भ्रष्ट हैं? ऐसा क्यों है कि सुप्रीम कोर्ट ने कई महीनों तक मनीष सिसोदिया को राहत और जमानत नहीं दी है और कहा है कि 338 करोड़ रुपये के मनी ट्रेल है? ऐसा क्यों है कि संजय सिंह को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली?...इसका मतलब है कि आपके पास छिपाने के लिए कुछ है क्योंकि आप शराब घोटाले के सरगना हैं।