आर्थिक अपराध शाखा ने पोस्ट डेटेड चेक देकर गाजियाबाद के डासना इलाके के बम्हैटा में करोडों की जमीन हड़पने के आरोप में स्काईहाई इन्फ्राप्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक गिरफ्तार किया है। आरोपी कंपनी ने इस जमीन पर आवासीय परियोजना का काम चालू कर दिया। कंपनी के दिए चेक बाउंस होने के बाद शिकायतकर्ता कंपनी ने आर्थिक अपराध शाखा में शिकायत की थी।
शाखा की संयुक्त आयुक्त छाया शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार निदेशक की पहचान विक्रम खंड एक, गोमती नगर लखनऊ यूपी निवासी अनिल गोयल(60) के रूप में हुई है। वर्ष 2019 में शिकायतकर्ता कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि वीर सिंह पुंडिर ने शाखा में फर्जीवाड़ा की शिकायत की। शिकायत के मुताबिक स्काईहाई इंफ्राप्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड ने गाजियाबाद जिले के डासना स्थित बम्हैटा गांव की 22,113 वर्ग मीटर जमीन खरीदने का सौदा किया। कंपनी ने उक्त जमीन पर मरीना सूइट नाम से आवासीय परियोजना विकसित करने की स्कीम बनाई। शिकायतकर्ता कंपनी ने आरोपी कंपनी के पक्ष में 2015 में जमीन के पहले हिस्से की सेल डीड कर दी।
पूरी रकम देने के बाद आरोपी कंपनी के पक्ष में फाइनल सेल डीड की जानी थी। आरोपी कंपनी के डायरेक्टर अनिल गोयल ने शिकायतकर्ता कंपनी से संपर्क कर पोस्ट डेटेड चेक के आधार पर अपनी कंपनी के पक्ष में जमीन की फाइनल सेल डीड करने के लिए कहा। आरोपी कंपनी ने भरोसा दिया कि सेल डीड में जिन चेकों का जिक्र किया गया है, उन सभी को तय तारीखों में भुनाया जा सकेगा। इस पर विश्वास करते हुए 2018 में शिकायतकर्ता कंपनी ने फाइनल सेल डीड कर दी। कंपनी को 36 चेक दिए गए। लेकिन जब 16 करोड रुपये के 27 चेक बैंक में डाले गए तो सभी चेक बाउंस हो गए। आरोपी कंपनी को भूमि का कब्जा दिया जा चुका था। इसलिए शिकायतकर्ता कंपनी ने आर्थिक अपराध शाखा में शिकायत की।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सभी साक्ष्य कब्जे में करने के बाद शुक्रवार को आरोपी कंपनी के निदेशक अनिल गोयल को मरीना सूइट, एनएच 24 गाजियाबाद यूपी स्थित उसके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि अनिल 1976 में लखनऊ से 11वीं पास करने के बाद अपने परिवार का बिजली का कारोबार करने लगा। 1988 से वह कंस्ट्रक्शन के काम में जुड़ गया। उसने 1993 से 97 तक लखनऊ में गोमती प्लाजा कर्मशियल परियोजना को पूरा किया। इसे ज्यादातर खरीदारों को बेचा गया। इसी काम को देखते हुए शिकायतकर्ता कंपनी ने उसपर विश्वास किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जांच कर रही है।