कॉलोनी या गली-मुहल्लों के बीच खुले ‘ईजीडे’ में शापिंग करने वालों के लिए बुरी खबर है। हो सकता है इसी 31 जनवरी से उनके ईर्द-गिर्द वाले स्टोर्स बंद हो जाएं।
स्टोर्स के मैनेजर इस मुद्दे पर खामोश हैं, मगर स्टाफ और बाजार में ऐसी ही दुखद चर्चा है। बताया जा रहा है कि घाटे के चलते कम फुटफॉल वाले स्टोर्स बंद करने की तैयारी है। इसी के चलते इन स्टोर्स में माल की आवक भी घट गई है।
शहर में छोटे बड़े मिलाकर कंपनी के करीब 11 स्टोर्स संचालित हो रहे हैं। कम फुटफॉल वाले कई स्टोर्स में सब्जी, फल आदि जैसी चीजों की आवक बीते एक सप्ताह से प्रभावित है।
कुछ स्टोर्स में मीट सेक्शन को या तो खत्म कर दिया गया है या फिर उनके आकार और बिक्री की मात्रा को कम कर दिया है। स्टोर्स के कर्मचारी यह बात स्वीकारते तो हैं, लेकिन बंदी की बात को अफवाह बता रहे हैं।
दरअसल देश भर में ईजीडे स्टोर्स का संचालन भारती और उसकी विदेशी सहयोगी कंपनी वालमार्ट के संयुक्त उपक्रम के रूप में हो रहा था। बीते दिनों दोनों कंपनियां जुदा हो गई हैं।
ऐसे में भारती कम फुटफॉल वाले और घाटे में चल रहे स्टोर्स को खत्म कर सिर्फ बड़े स्टोर्स को संचालित करने पर विचार कर रही है।