एक ही बार में चारों दिशाओं में पानी का छिड़काव करने वाला टैंकर
- फोटो : अमर उजाला
बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए पूर्वी दिल्ली नगर निगम की ओर से 70 करोड़ की लागत से खरीदी गई आधुनिक 50 मशीनों का बुधवार को उद्घाटन किया गया। पटपड़गंज स्थित ईडीएमसी मुख्यालय पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद गौतम गंभीर और ईडीएमसी के महापौर ने इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि इन आधुनिक मशीनों से बढ़ते प्रदूषण को रोका जा सकेगा। वहीं, ईडीएमसी की महापौर अंजू कमलकांत ने कहा कि वायु प्रदूषण कम करने के लिए पूर्वी निगम द्वारा 975 लाख रुपये की लागत से 40 वॉटर स्प्रिंकलर मशीनें खरीदी गई हैं, जिससे पानी का छिड़काव करके धूल के कणों के कारण होने वाले प्रदूषण को कम किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक टैंकर में 9000 लीटर की क्षमता वाला पानी का टैंक लगा है और बटन दबाते ही पानी छिड़कने की सुविधा उपलब्ध है। इन टैंकरों की खासियत यह होगी कि यह एक ही बार में चारों दिशाओं में पानी का छिड़काव करेगा। इसके साथ ही 490 लाख रुपये की लागत से 2 सुपर सेक्शन मशीनें, 340.80 लाख रुपये की लागत से 6 सेक्शन एवं जैटिंग मशीनें खरीदी गई हैं। साथ ही ईडीएमसी के पायलट प्रोजेक्ट के तहत 50 लाख रुपये की लागत से 4 ऑटो माउंटेड लिटर पिकर खरीदे गए हैं। ये मशीनें ऑटोमैटिक तरीके से कचरा उठाएंगी।
इस मौके पर उप महापौर संजय गोयल, स्थायी समिति अध्यक्ष संदीप कपूर, नेता सदन निर्मल जैन, पर्यावरण प्रबंधन सेवा समिति के अध्यक्ष
के.के अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।